देहरादून: हज यात्रा-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और उत्तराखंड राज्य हज समिति ने चयनित यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस वर्ष प्रदेश से कुल 1366 हज यात्री सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे। हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी यात्रियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण अनिवार्य है, जिसकी प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू की जा रही है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 मार्च को सुबह 9 बजे से हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल के यात्रियों का मेडिकल परीक्षण उप जिला चिकित्सालय रुड़की में किया जाएगा। इसके बाद 28 मार्च को देहरादून के यात्रियों की स्क्रीनिंग जिला चिकित्सालय कोरोनेशन, डालनवाला में सुबह 9 बजे से होगी।
31 मार्च को ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर, काशीपुर और बाजपुर क्षेत्र के यात्रियों के लिए एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय काशीपुर में व्यवस्था की गई है। इसी दिन रुद्रपुर, गदरपुर, लालपुर, किच्छा, पंतनगर, खटीमा, सितारगंज और चंपावत जिले के यात्रियों का परीक्षण राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में किया जाएगा। वहीं नैनीताल और अल्मोड़ा के यात्रियों का मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन 1 अप्रैल को सुबह 9 बजे से बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में आयोजित होगा।
हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने सभी चयनित हाजियों से अपील की है कि वे तय तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से अपना स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण कराएं। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित सूचनाएं यात्रियों को उनके कवर हेड के मोबाइल नंबर पर भी भेजी जाएंगी ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस वर्ष हज यात्रियों की सुविधा के लिए आठ स्टेट हज इंस्पेक्टर भी उनके साथ यात्रा पर भेजे जाएंगे। ये इंस्पेक्टर यात्रा से पहले प्रशिक्षण देंगे और पूरी यात्रा के दौरान मार्गदर्शन तथा सहयोग सुनिश्चित करेंगे। अध्यक्ष खतीब अहमद ने बताया कि पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में हज समिति यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि यात्रा सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।संभावना जताई जा रही है कि हज यात्रा अप्रैल और मई के महीनों में आयोजित होगी, जिसे ध्यान में रखते हुए तैयारियों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
