देहरादून : राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर को गोली लगने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब सात बजे सड़क पर ओवरटेक को लेकर दो कार सवार युवकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बात गोलीबारी तक पहुंच गई। इसी दौरान पास से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर गोली की चपेट में आ गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल ब्रिगेडियर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को सुबह ही घटना की सूचना मिल गई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल मृतक की पहचान की पुष्टि के साथ-साथ घटना में शामिल आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। ग्रामीण इलाकों समेत आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।
