देहरादून :चारधाम यात्रा को लेकर इस बार परिवहन विभाग ने एक नई रणनीति तैयार की है। परिवहन एवं आईटी मंत्री प्रदीप बत्रा ने डिजिटल समिट में जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। विभाग के सभी आरटीओ और एआईटीओ लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने कहा कि इस बार यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास तौर पर तैयारी की गई है। पहली बार तीर्थयात्रियों को उल्टी या कचरा आदि के लिए विशेष बैग उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे साफ-सफाई बनी रहे और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार का मुख्य फोकस यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को बेहतर बनाना है।
मंत्री ने आगे बताया कि अभी तक शटल सेवा केवल सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच ही सीमित थी, लेकिन इस बार इसमें बड़ा बदलाव किया गया है। जहां-जहां भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग बाधित होगा, वहां तुरंत शटल सेवा शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाना है। विभाग का प्रयास है कि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत वैकल्पिक परिवहन सुविधा मिल सके, ताकि उनकी यात्रा बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
