देहरादून। देहरादून सहित उत्तराखंड के कई हिस्सों में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में सामान्य तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक रहने का अनुमान है।
बीते दिनों प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली थी। इसका असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर भी पड़ा। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय इलाकों में तापमान में और अधिक गिरावट महसूस की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को भी पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। वहीं 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सप्ताह के आगे बढ़ने के साथ मैदानी इलाकों में गर्मी फिर से अपने तेवर दिखा सकती है।
