उत्तरकाशी : चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को यात्रा पर आए दो और श्रद्धालुओं की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतकों में महाराष्ट्र निवासी 62 वर्षीय वंदना विजय सिंह बघेल तथा गुजरात निवासी 68 वर्षीय पटेल नितिन भाई बालू भाई शामिल हैं। दोनों श्रद्धालु यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए थे।
जानकारी के अनुसार यात्रा के दौरान अलग-अलग समय पर दोनों श्रद्धालुओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें अचेत अवस्था में स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी लाया गया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अखिल राणा ने बताया कि प्राथमिक जांच में दोनों श्रद्धालुओं की मौत का कारण हार्ट अटैक सामने आया है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लगातार चढ़ाई, ठंड और ऑक्सीजन की कमी बुजुर्ग श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। ऐसे में हृदय रोग, सांस संबंधी बीमारी और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य परीक्षण कराने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक दस श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ रही मौतों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। यात्रा मार्ग पर मेडिकल टीमों और स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार मिल सके।
