मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटना से कुछ समय पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सामान लेने के बाद जैसे ही वे वाहन में बैठे, कार तीव्र ढलान पर तेजी से आगे बढ़ने लगी। बताया जा रहा है कि वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कार एक खाली प्लॉट से होते हुए गहरी खाई में गिर गई।
दुर्घटना में मृतकों की पहचान सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, 19 वर्षीय मनीत, गाजियाबाद की सविता (48 वर्ष) और दिल्ली के करोलबाग निवासी संगीता (46 वर्ष) के रूप में हुई है। बचाव दल ने चारों शवों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे का संभावित कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है। घटनास्थल पर मसूरी थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी तथा देहरादून के पुलिस अधीक्षक नगर भी मौजूद रहे।
