देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में रोटी पर थूककर बनाने का दावा करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, लेकिन पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक पाया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
मंगलवार को बाबूगढ़ चुंगी स्थित एक रेस्टोरेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दावा किया गया कि कर्मचारी रोटी पर थूककर उसे तंदूर में लगा रहा है। इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बनने की आशंका पैदा हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के निर्देश पर बाजार चौकी प्रभारी अर्जुन गुसाईं अपनी टीम के साथ रेस्टोरेंट पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की।
जांच में पाया गया कि कर्मचारी कपड़े की सहायता से रोटी को तंदूर में लगा रहा था। सीसीटीवी फुटेज में कहीं भी रोटी पर थूकने जैसी कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में किया गया दावा तथ्यहीन और भ्रामक है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ढकरानी निवासी अभय नामक युवक ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया और बिना सत्यापन के इस तरह के वीडियो साझा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस ने आम जनता और विभिन्न संगठनों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने या सामग्री साझा करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि फर्जी और भ्रामक जानकारी फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
