मुरैना : रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया। हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशनों के बीच उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगने की अफवाह फैलने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घबराए यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चेन पुलिंग कर ट्रेन को बीच रास्ते में रोक दिया।
ट्रेन रुकते ही कई यात्री कोच से उतरकर रेलवे ट्रैक पर भागने लगे। इसी दौरान विपरीत दिशा से धौलपुर की ओर जा रही पातालकोट एक्सप्रेस दूसरी लाइन पर तेज रफ्तार से वहां पहुंच गई। ट्रैक पर मौजूद यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और कई लोग ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में तीन महिलाओं और एक मासूम बच्चे समेत कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ग्वालियर से मुरैना की ओर जा रही थी। इसी दौरान किसी यात्री ने डिब्बे में आग लगने की बात कही, जिसके बाद पूरे कोच में दहशत फैल गई। बाद में यह अफवाह जानलेवा साबित हुई और कई परिवारों की खुशियां छिन गईं।
फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग लगने की अफवाह किसने और किन परिस्थितियों में फैलाई। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
