देहरादून : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए दून पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को अलर्ट मोड में रखा गया है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले में बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। रात से ही पुलिस टीमें नदी-नालों और जलभराव संभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को सावधान रहने की सलाह दे रही हैं।
नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर पुलिस ने लोगों से इन क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले परिवारों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों की ओर भेजा जा रहा है, जिससे किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।
दून पुलिस ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सभी थाना क्षेत्रों में टीमें लगातार सक्रिय हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।
