देहरादून : देहराखास क्षेत्र स्थित एक पीजी हॉस्टल में 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान सौरव कुमार निवासी घोड़हिया वार्ड नंबर तीन, सूरजपुर, पश्चिमी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में वह एक संस्थान से बीपीटी-1 में पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे देहराखास स्थित एक पीजी हास्टल में युवक के खुदकुशी करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां मृतक का साथी प्रांजल निवासी शिकोहाबाद, फिरोजाबाद ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
प्रांजल ने बताया कि सौरव उसके साथ पीजी हास्टल में रहता था। मंगलवार शाम करीब 7:43 बजे जब वह बाहर से वापस कमरे पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर सौरव को पंखे से चादर के सहारे फंदे पर लटका पाया।
घटना की जानकारी तत्काल पीजी संचालक और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस टीम ने शव को पंखे से नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के स्वजनों को दे दी है।
