हरिद्वार/ देहरादून : जेल से रिहा होने के बाद हरिद्वार में चाय की दुकान चला रहे सुरेंद्र कोली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सप्त सरोवर रोड स्थित चाय की दुकान के अंदर उसका शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सिटी कोतवाली के एसएचओ कुंदन सिंह राणा के मुताबिक, सुरेंद्र कोली पिछले कुछ दिनों से हरिद्वार में चाय बेचने का काम कर रहा था। लालमाता मंदिर के सामने उसकी चाय की दुकान थी। सप्त ऋषि पुलिस चौकी को दुकान के अंदर शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक की पहचान अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र के मंगरूखाल गांव निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में की है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
निठारी कांड के मामलों में रहा था आरोपी
सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 में सामने आए चर्चित निठारी कांड के बाद देशभर में सुर्खियों में आया था। नोएडा के निठारी में हत्या और दुष्कर्म के मामलों के खुलासे के बाद सुरेंद्र कोली को आरोपी बनाया गया था। अलग-अलग मामलों में उसके खिलाफ मुकदमे चले और उसे सजा भी सुनाई गई।इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक मामले में सुरेंद्र कोली को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। बाद में वर्ष 2015 में उसकी मृत्युदंड की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया था।
नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से मिली थी राहत
नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने निठारी हत्याकांड से जुड़े आखिरी मामले में भी सुरेंद्र कोली को बरी कर दिया था। इसके बाद वह जेल से बाहर आया था। जेल से रिहाई के बाद वह हरिद्वार पहुंचा और यहां चाय की दुकान चलाकर जीवन यापन कर रहा था।अब उसकी संदिग्ध मौत ने एक बार फिर निठारी कांड से जुड़े नाम को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
