दिल्ली : मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार देर रात जूते बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से छह लोग बेहोश हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो का इलाज जारी है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात करीब 9:32 बजे मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित बी-293/294 की फैक्टरी में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की करीब 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। इस दौरान करीब 80 दमकलकर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे।
आग फैक्टरी के बेसमेंट में लगी थी, जहां जूते बनाने और उन्हें स्टोर करने का काम होता था। फैक्टरी में भारी धुआं भर जाने के कारण अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अग्निशमन अधिकारी पारस कुमार के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से सुरक्षित बाहर निकाला।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया था। सभी छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। दो घायलों का उपचार जारी है।
कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, आग को बेसमेंट तक ही सीमित रखा गया, जिससे यह फैक्टरी के अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी। देर रात आग बुझने के बाद मौके पर कूलिंग की प्रक्रिया जारी रही। पुलिस ने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

