मुरादाबाद : मूंढापांडे थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खेल रहे छह मासूम बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में पकौड़ी का ठेला लगाने वाला युवक और उसकी मां भी बोलेरो की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
जानकारी के मुताबिक, हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मूंढापांडे-करनपुर मार्ग पर स्थित मुड़िया भायपुर गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि गांव में सड़क किनारे एक व्यक्ति पकौड़ी का ठेला लगाकर अपना परिवार चलाता है। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे ठेले के पास कई बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेल रहे बच्चों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़े। हादसे में कई बच्चे सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले।
इस दर्दनाक दुर्घटना में रनवीर सिंह की एक वर्षीय बेटी चित्रा और इंदल के दो वर्षीय बेटे अंश की मौके पर ही मौत हो गई। दो मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल हुए चार अन्य बच्चों को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बोलेरो की चपेट में आने से पकौड़ी का ठेला लगाने वाला युवक और उसकी मां भी घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद गांव में मातम और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
उधर, हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को मौके पर ही घेर लिया। गुस्साए लोगों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बोलेरो को भी जब्त कर लिया है।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि हादसे में दो बच्चों की मौत हुई है, जबकि चार बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

