देहरादून : राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन में नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। सोमवार शाम आरोपी नितिन राणा ने पहले अपने भांजे ऋषभ रावत से नशा करने के लिए पैसे मांगे। भांजे के रुपये देने से मना करने पर आरोपी दरांती लेकर उसे मारने के लिए दौड़ पड़ा। किसी तरह ऋषभ ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
इस दौरान बेटे को रोकने और समझाने पहुंचे 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर ही आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना सोमवार शाम करीब 7:15 बजे पुलिस को 112 के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। वहीं, आरोपी नितिन राणा (35) को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और रुपये नहीं मिलने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। थाना प्रभारी पीडी भट्ट के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

