देहरादून : त्योहारी सीजन के बीच उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव में लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। पहाड़ी उत्पादों की खरीदारी के साथ ही स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग मेले का रुख कर रहे हैं। महोत्सव में लगे विभिन्न स्टालों पर मिलेट्स, हस्तशिल्प, हथकरघा और अन्य स्थानीय उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर में सोमवार को आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन खरीदारों की संख्या में इजाफा हो रहा है। लोगों की बढ़ती दिलचस्पी और मेले को मिल रहे सकारात्मक रुझान को देखते हुए आयोजकों ने इसकी अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। आयोजक सुनील रावत के अनुसार, अब उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों, वेंडर्स और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अच्छा मंच मिल रहा है। 
महोत्सव में उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों के सामान भी लोगों की पसंद बने हुए हैं। मिलेट्स, स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा, कश्मीरी शाल-सूट, जयपुरी चूरन-सुपारी, खुर्जा की क्रॉकरी, भदोही के कालीन, ज्वैलरी, प्लास्टिक के सामान और खेल सामग्री की अच्छी बिक्री हो रही है। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों के स्टालों पर भी लोगों की भीड़ जुट रही है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
खरीदारी और खानपान के साथ महोत्सव में सांस्कृतिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। हर दिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही बच्चों और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच दिया जा रहा है। इससे महोत्सव में खरीदारी के साथ मनोरंजन और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का अवसर भी मिल रहा है।

