रुद्र प्रयाग / देहरादून: उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट , 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही बाबा केदार की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। अब शीतकाल के दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
कपाट बंद होने से पहले नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से धाम में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े को एकत्रित कर नजदीकी एमआरएफ सेंटर पहुंचाया गया, जहां कचरे का पृथक्करण कर उसका उचित निस्तारण किया जाएगा। सफाई मित्रों ने धाम के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई कर स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया।
वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित संस्थाओं और विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कपाट बंद होने के दौरान धाम क्षेत्र में स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने को कहा।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
उधर, यमुनोत्री धाम के कपाट भी आज भैयादूज के पावन अवसर पर सुबह 10:28 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना होगी।
यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में सुबह 10:28 बजे निर्धारित किया गया है।
मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल और प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं को मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना का अवसर मिलता रहेगा। शीतकाल के दौरान खरसाली गांव स्थित मां यमुना के प्राचीन मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।

