दिल्ली : इमारत गिरने का एक और बड़ा हादसा सामने आया है। मंगलवार सुबह पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक पुरानी तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में दबे 6 से 7 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजकर 13 मिनट पर विवेक विहार में इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियों और बचाव दल को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मलबा हटाने और उसमें फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय इमारत में कुल कितने लोग मौजूद थे और इसके ढहने की वजह क्या रही।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले कुछ समय से इमारतें गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सितंबर में सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद 5 नवंबर को पुरानी दिल्ली के हौज काजी इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से छह लोगों की जान चली गई थी। वहीं, 15 नवंबर को पहाड़गंज में भी इमारत गिरने की घटना में कई लोग घायल हुए थे।
विवेक विहार में हुए ताजा हादसे ने एक बार फिर दिल्ली की पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घनी आबादी वाले इलाकों में ऐसी इमारतों की स्थिति का समय रहते आकलन और जरूरी कार्रवाई करने की मांग भी तेज हो सकती है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।

