देहरादून :उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही सूखी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास अधिक होने लगा है। वहीं, आने वाले दिनों में कोहरे की दस्तक ठंड को और बढ़ा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पर्वतीय जिलों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों के हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। कोहरे के कारण सुबह के समय जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 29 नवंबर से दो दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, जबकि सूखी ठंड का प्रभाव लगातार बना रहेगा। दिन के समय धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और शाम के साथ ही देर रात तापमान में गिरावट के कारण ठंड अधिक महसूस होगी।
मैदानी जिलों में कोहरा छाने से सुबह के समय दृश्यता कम होने की आशंका है। इसका असर खासतौर पर सुबह जल्दी घरों से निकलने वाले लोगों, वाहन चालकों और लंबी दूरी की यात्रा करने वालों पर पड़ सकता है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम शुष्क रहने के बावजूद ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और रात के समय ठिठुरन अधिक महसूस हो सकती है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य के प्रति भी सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों को ठंड से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह और देर रात घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। वहीं, कोहरे के दौरान वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और पर्याप्त सावधानी बरतने की जरूरत है।फिलहाल प्रदेश में बारिश के आसार नहीं होने से मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन कोहरे और गिरते तापमान के चलते आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

