देहरादून: कारगी कूड़ा मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन के विरोध में अब कांग्रेस ने आंदोलन तेज कर दिया है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनता की अनदेखी का आरोप लगाया।
कांग्रेस का कहना है कि जिस मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन की बात नगर निगम कर रहा है, वह केवल कागजों तक सीमित है। हकीकत में यह स्थान अब पूरी तरह कूड़ा डंपिंग जोन में बदल चुका है और एक बड़े कूड़ा घर का रूप ले चुका है। यहां लगातार कूड़ा डाले जाने से आसपास का माहौल बेहद खराब हो गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कूड़े से उठने वाली तेज दुर्गंध और गंदगी के कारण कारगी आईएसबीटी और ब्राह्मणवाला क्षेत्र के हजारों लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं। स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत, बीमारियों का खतरा और दूषित वातावरण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान कांग्रेस ने मांग की कि इस कूड़ा डंपिंग को तुरंत बंद किया जाए और क्षेत्रवासियों को राहत देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि नगर निगम ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
