फरीदाबाद। सोमवार देर रात सूरजकुंड थाना क्षेत्र में स्थित एक अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
सूरजकुंड थाना के एसएचओ प्रहलाद सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सबसे पहले फायर ब्रिगेड को सूचित किया। साथ ही एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को मौके से दूर कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की करीब छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फ्लैट के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
