
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। स्याल्दे बाजार में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कारण तिराहे पर अक्सर जाम लग जाता है। यातायात व्यवस्था केवल एक होमगार्ड के भरोसे है, जिससे स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण बन गई है।
अतिक्रमण और संकरी सड़कें बनीं वजह
बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और सड़क की संकरी हालत के चलते पैदल चलने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही से जाम की समस्या और बढ़ जाती है।
महत्वपूर्ण मार्ग पर लगातार दबाव
यह सड़क कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाली एकमात्र मुख्य मार्ग है, जिससे सराईखेत, देघाट, मासी, चौखुटिया और भिकियासैंण से आने-जाने वाले सभी वाहन गुजरते हैं। बाजार, तहसील और विकासखंड मुख्यालय होने के कारण यहां हर समय भीड़ और जाम बना रहता है।
स्थानीयों की मांग
स्थानीय लोगों ने रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने और यातायात प्रबंधन के लिए पुख्ता व्यवस्था किए जाने की मांग की है।