देहरादून : उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार, 31 दिसंबर को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। खासतौर पर 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने के आसार हैं। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंड और बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मैदानी इलाकों में कोहरे का असर
दूसरी ओर प्रदेश के मैदानी जिलों हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के अलावा नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आएगी, जिसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
आगामी दिनों में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग ने बताया कि 31 दिसंबर के बाद 3 और 5 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, ठंड से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है।
देहरादून एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
घने कोहरे और कम दृश्यता के चलते जॉलीग्रांट एयरपोर्ट देहरादून पर लगातार तीसरे दिन हवाई यातायात प्रभावित रहा। सुबह से शाम तक कुल नौ उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,
इंडिगो अहमदाबाद की उड़ान सुबह 7:55 बजे के स्थान पर 11:41 बजे,
इंडिगो भुवनेश्वर 8:25 की जगह 12:16 बजे,
इंडिगो दिल्ली 9 बजे के बजाय 12:09 बजे,
इंडिगो जयपुर सुबह पौने दस के बजाय 12:24 बजे,
एअर इंडिया मुंबई 9:55 की जगह 12:42 बजे,
एलायंस एयर कुल्लू 10:05 के बजाय 11:23 बजे,
इंडिगो हैदराबाद 11:10 के स्थान पर 12:36 बजे,
एअर इंडिया दिल्ली शाम 4:10 के बजाय 4:46 बजे
और इंडिगो पुणे 5:05 की जगह 6:39 बजे एयरपोर्ट पहुंची।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। वहीं मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
