देहरादून : दूल्हा बाजार में सोमवार को हुई गुंजन की दिनदहाड़े हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी आकाश बीते दो दिनों से धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। 31 जनवरी को ही आकाश की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को फोन कर इस खतरे की जानकारी दी थी, बावजूद इसके समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
गुंजन के चचेरे भाई अंश ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने साफ तौर पर चेताया था कि आकाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। पुलिस को दी गई तहरीर में भी इसका उल्लेख किया गया है। अंश के अनुसार, यदि इस सूचना को गंभीरता से लिया जाता तो शायद गुंजन की जान बचाई जा सकती थी।
सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया।
जांच में यह भी सामने आया कि आकाश पहले भी गुंजन को परेशान कर चुका था। इस संबंध में गुंजन ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां दोनों के बीच समझौता करा दिया गया था। इसके बाद भी आरोपी लगातार गुंजन से संपर्क करने की कोशिश करता रहा और कई बार जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों का आरोप है कि आकाश ने दबाव बनाया था कि अगर गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसकी हत्या कर देगा। फिल्मी अंदाज में दी गई इन धमकियों का जिक्र तहरीर में भी किया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम को हर पहलू से गहन जांच कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
