देहरादून।
उत्तराखंड में रविवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही, लेकिन सोमवार से मौसम के मिजाज में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में कोहरा छा सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार अधिक हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है, जिससे ठंड में बढ़ोतरी महसूस की जाएगी। इसके बाद 12 फरवरी से मौसम शुष्क हो जाएगा और मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से तापमान में इजाफा होगा।
रविवार को देहरादून में चटख धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का रुख कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
