देहरादून: शहर में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सप्लाई में आई रुकावट के कारण दून में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है, जिससे कई इलाकों में गैस सिलिंडरों की डिलीवरी प्रभावित हुई है। स्थिति को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। साथ ही गैस बुकिंग नंबर भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई केवल आवश्यक सेवाओं के लिए ही की जाए। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जरूरी सेवाओं पर किसी तरह का असर न पड़े।
दूसरी ओर, होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है और आने वाले दिनों में उनके कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।गैस एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैकलॉग खत्म होने के बाद जल्द ही नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
इधर, शहर के कई इलाकों में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग न करने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो दिनों के भीतर बैकलॉग खत्म करने की कोशिश की जाएगी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकती है।
