देहरादून: निवेश के नाम पर एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग के साथ बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है।ओएनजीसी से रिटायर्ड 70 वर्षीय दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उनसे करीब 1.87 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
शिकायत के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश आया, जिसके बाद एक महिला ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए उनसे संपर्क किया। उसने अपने को आदित्य बिरला सन लाइफ से जुड़ा अधिकारी बताकर एक आकर्षक निवेश योजना की जानकारी दी।
इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। बाद में उन्हें एक वीआईपी ग्रुप में शामिल कर हाई नेटवर्थ ट्रेडिंग अकाउंट खोलने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपियों ने खुद को अधिकृत बताने के लिए एक कथित सेबी रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया।
शुरुआत में पीड़ित ने 49 हजार रुपये निवेश किए। खाते में दिख रहे नकली मुनाफे से प्रभावित होकर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 17 लाख 64 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा ब्रोकरेज शुल्क के नाम पर उनसे 70 लाख रुपये और जमा कराए गए।
जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने पहले एक करोड़ रुपये ब्रोकरेज और फिर एक करोड़ रुपये आयकर के नाम पर जमा करने का दबाव बनाया। इस पर उन्हें ठगी का शक हुआ।
इसके बाद उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाना देहरादून में तहरीर दी। शिकायत में दीया मेहरा, अनन्या शास्त्री और खुद को प्रोफेसर ए. बालासुब्रमण्यम बताने वाले व्यक्ति सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
