अलवर: जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले की तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। यह हादसा अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश जिंदल ने बताया कि कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी। रात करीब एक बजे अचानक वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और कुछ ही पलों में पूरी कार आग का गोला बन गई।
कार का चालक, श्योपुर निवासी विनोद कुमार मेहर, किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। हालांकि, वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बाद में बेहतर इलाज के लिए अलवर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस, एनएचएआई की गश्ती टीम, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुधीर चौधरी समेत अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया में जुटी है और साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर चलती कार में इतनी भयानक आग कैसे लगी।
