अल्मोड़ा / देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को अल्मोड़ा दौरे पर पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी प्रसिद्ध डोल आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने पीठम स्थापना उत्सव में शिरकत करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। आश्रम परिसर में पहुंचने पर साधु-संतों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री लमगड़ा के कनरा स्थित हेलीपैड से खटीमा के लिए रवाना हो गए।
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री धामी ने आश्रम के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों से समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और जनसुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला, और बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए आश्रम परिसर में एकत्रित हुए।
