लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विधान भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह को भारत मां का महान सपूत और किसानों का सच्चा मसीहा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1902 को उत्तर प्रदेश में हुआ था और वे देश के स्वाधीनता आंदोलन से जुड़े रहे। कृषि और राजस्व के क्षेत्र में अनेक सुधारों का श्रेय उन्हें जाता है। उनका मानना था कि देश के विकास का रास्ता गांव, खेत और खलिहानों से होकर गुजरता है।
उन्होंने कहा कि किसान विकास के एजेंडे और सरकार की प्राथमिकता का हिस्सा होने चाहिए। शासन की योजनाएं किसानों को ध्यान में रखकर बनाई जानी चाहिए। चौधरी चरण सिंह के देशहित में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार चौधरी चरण सिंह की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए किसानों के हित से जुड़े कई कार्यक्रम चला रही है। लखनऊ में चौधरी चरण सिंह सीड पार्क का निर्माण भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान और उमेश द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
