नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि वह 6 जून को भारत लौटकर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। सोशल मीडिया पर अपनी व्यंग्यात्मक राजनीतिक शैली के लिए चर्चित दिपके की यह संगठन की स्थापना के बाद पहली भारत यात्रा होगी।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में दिपके ने कहा कि उन्होंने भारत वापस आने का निर्णय लिया है ताकि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाई जा सके। उन्होंने लोगों से संविधान के दायरे में रहते हुए लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
दिपके ने नीट पेपर लीक मामले और हाल में घोषित सीबीएसई परीक्षा परिणामों का उल्लेख करते हुए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े विवादों और अनियमितताओं ने करोड़ों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जीडी जैसी परीक्षाओं में शामिल होने वाले लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर असमंजस और चिंता की स्थिति में हैं।
उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटनाओं के बाद भी यदि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तो यह जवाबदेही की कमी को दर्शाता है। उनके अनुसार, व्यवस्थागत खामियों का सबसे बड़ा असर छात्रों पर पड़ रहा है।
अपने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दिपके ने बताया कि वह 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने समर्थकों से एयरपोर्ट पर एकत्र होने का आह्वान किया है। वहां से सभी लोग पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। दिपके ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अहिंसक और संवैधानिक दायरे में आयोजित किया जाएगा।
