बदायूं : गंगा एक्सप्रेसवे पर नौली हरनाथपुर गांव के पास शुक्रवार को वाराणसी से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 21 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जानकारी के अनुसार बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जो वाराणसी से नोएडा जा रहे थे। घायलों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में बस चला रहा था और वाहन तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था। यात्रियों ने यह भी बताया कि लंबे रूट के बावजूद बस में केवल एक ही चालक था, जबकि ऐसे मार्गों पर सामान्यतः दो चालक होने चाहिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। घायल अवस्था में यात्री एक्सप्रेसवे पर मदद का इंतजार करते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से सीएचसी वजीरगंज में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार किया और गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया।
