देश को आजाद हुए 75 साल हो गए। 75 साल एक युग होता है। एक लंबा समय। इसमें हमने बहुत कुछ देखा। बहुत कुछ झेला। खोया। बहुत कुछ सीखा। समझा। बर्दाश्त किया। इसके बावजूद देश के विकास का रथ रुका नहीं। हमने इन 75 साल में बहुत उपलब्धि हासिल की। दूसरे देश में अनाज आयात करने की प्रक्रिया को रोक कर अपने यहां ही उत्पादन के कीर्तिमान मनाए। स्कूल बनाए, कॉलेज बनाए, विश्वविद्यालय स्थापित किए।
अस्पताल बनाए। मेडिकल कॉलेज खोले। आज प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज खोलने का अभियान अंतिम चरण में है। प्रदेश स्तर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान खुल रहे हैं। देश ने डॉक्टर और इंजीनियर तैयार किए। देश में कल-कारखाने शुरू हुए। तोप ही नहीं बनाई, टैंक बनाए, महा विनाशक मिसाइल बनाईं। परमाणु बम तैयार किया। इन 75 साल में देश को आत्म निर्भर बनाने के लिए बहुत बड़ा काम हुआ। रेलवे लाइन ही नहीं बिछाईं बल्कि पूरे देश में सड़कों का जाल बना।
एक्सप्रेस-वे बने भी। बन भी रहे हैं। दुश्मन से मुकाबले को हमने एक्सप्रेस−वे के किनारे हवाई पट्टी बनाने की नई शुरुआत की। नहरें निकलीं। बड़े शहरों में इक्का, रिक्शा और ट्राम में सफर करने वाले मैट्रो में कब सफर करने लगे, ये पता ही नहीं चला। ब्लैक एंड व्हाइट से होता टीवी कब कलर के रूप में आकर घर−घर तक पहुंच गया, ये मालूम ही नहीं चला। कभी लैंडलाइन फोन विलासिता के सामान में शामिल था। मोबाइल कब हाथ में आकर सबकी जरूरत बन गया, महसूस ही नहीं हुआ। एक नहीं, एक फोन में दो सिम शामिल हो गए। हवाई अड्डे बने। कभी हवाई यात्रा लोगों के लिए सपना थी। आज देश के महानगरों के लिए पहुंच का साधन बन गई।
नदियों पर डैम बन रहे हैं। देश के बिजलीघर अपनी जरूरत के लिए बिजली पैदा करने में सक्षम हैं। हम पास के देश नेपाल, श्रीलंका, अफगानिस्तान के विकास में योगदान कर रहे हैं। विदेश में शिक्षा कभी बड़े रईसों के लिए ही थी। आज देश की युवा पीढ़ी देश में पढ़कर दुनिया भर में जाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। गर्व की बात है कि दुनिया भर में प्रवासियों की संख्या के मामले में आज भारत सबसे आगे है।
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार 2019 में दुनिया भर में भारतीय प्रवासियों की संख्या एक करोड़ 75 लाख थी। अमेरिका के टूर के दौरान न्यूयार्क में हम क्रूज पर सफर कर रहे थे। उसके चालक की इस घोषणा से मुझे गर्व महसूस हुआ कि आप भारत से हैं या नेपाल से। बंगलादेश से हैं या पाकिस्तान से, आपको गर्व महसूस होना चाहिए कि यहां जो भव्यता आप देख रहे हैं, उसमें आपके देशवासियों और आपके पूर्वजों का बड़ा योगदान है। यह सब उनका बनाया है। उनका विकसित किया है।
आज हालत यह है कि देश के इंजीनियर ने कश्मीर की वादियों में चिनाब नदी पर सबसे ऊंचा पुल बनाया। यह ब्रिज एफिल टावर से तकरीबन 35 मीटर ऊंचा है। इसके आर्क की चिनाब नदी के जलस्तर से ऊंचाई 359 मीटर है। तो लड़ाकू विमान तेजस भी बनाए। अन्य देशों के साथ अमेरिका भी तेजस को खरीदने में रूचि दिखाता है। कोराना आने के समय देश में उससे बचाव की कोई तैयारी नहीं थी। इसके बाद हमने मास्क, सैनेटाइजर, पीपीपी किट और वैंटीलेटर ही नहीं बनाए। कोराना की दो वैक्सीन भी ईजाद की। इस वैक्सीन की कई देशों को आपूर्ति की तो अपने देश में भी निःशुल्क टीकाकरण किया। इतना ही नहीं देशवासियों को सबसे ज्यादा वैक्सीन लगाने का रिकार्ड भी बनाया।
दुनिया के कई देश भारत की चिकित्सा सुविधा का आज लोहा मान रहे हैं। सस्ती चिकित्सा होती देख बाहर से व्यक्ति आज उपचार के लिए भारत आ रहे हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ ही देश का मेडिकल टूरिज्म तेजी से बढ़ रहा है। आज भारतीय दुनिया भर में अपनी विद्वता को लोहा मनवा रहे हैं। पूणे महाराष्ट्र के एक अनाथालय से निकली लड़की आस्ट्रेलियन दंपत्ति के गोद लेने के बाद लैला से लीजा बनी। गर्व की बात यह है कि वह लावारिस लड़की आज आस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम की कैप्टेन है। उधर भारतंवशी ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में बहुत आगे हैं।