देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े तबकों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसका उद्देश्य आर्थिक विकास को तेज करना, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को मजबूत करना है।
रोजगार और बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावा
सीएम धामी के अनुसार बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान उत्तराखंड के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
पर्वतीय राज्यों पर विशेष फोकस
बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना शामिल की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राज्य में पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, जो विकास के लिए आवश्यक है।
ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई के लिए किए गए बजटीय प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
केंद्र के साथ मिलकर होगा प्रभावी क्रियान्वयन
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और उत्तराखंड सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर बजट में घोषित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करेगी।
उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक ताकत को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान विकास के अवसर प्रदान करेगा।
