वाराणसी : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 19 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का 19.7 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। इस मामले में थाईलैंड के छह नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, बैंकॉक से एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से वाराणसी पहुंचे यात्रियों की नियमित जांच के दौरान उनके व्यवहार पर संदेह हुआ। इसके बाद उनके ट्रॉली बैगों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें प्लास्टिक पैकेटों में छिपाकर रखा गया उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।
जांच एजेंसियों ने बताया कि हाइड्रोपोनिक गांजा विशेष तकनीक से तैयार किया जाता है, जिसमें पौधों को मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से युक्त जल-आधारित प्रणाली में उगाया जाता है। इसकी गुणवत्ता और प्रभाव सामान्य गांजे की तुलना में अधिक माना जाता है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत भी काफी ज्यादा होती है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इससे पहले भी कोलकाता-गया मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कर चुके हैं। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं और थाईलैंड की एक अन्य महिला की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
